ONGC ने मोरी-5 कुएं की आग पर पाया नियंत्रण, ऐसे पूरा हुआ ऑपरेशन

 ONGC ने मोरी-5 कुएं की आग पर पाया नियंत्रण, ऐसे पूरा हुआ ऑपरेशन
Nimmi Thakur
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिला में ओएनजीसी के एक गैस कुएं में लगी आग पर ONGC ने नियंत्रण पा लिया है। 5 जनवरी को सर्विसिंग के दौरान हुए इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। ONGC ने त्वरित संकट प्रबंधन के तहत कैपिंग ऑपरेशन पूरा करते हुए सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी।
ONGC ने आंध्र प्रदेश में स्थित अपने मोरी-5 कुएं पर सफलतापूर्वक नियंत्रण स्थापित कर लिया है। ONGC ने बताया कि रिकॉर्ड पांच दिनों में कैपिंग ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।
ONGC तेल और प्राकृतिक गैस निगम के अनुसार, आंध्र प्रदेश में उसके ऑनशोर एसेट में स्थित मोरी-5 कुएं में 5 जनवरी 2026 को नियमित सर्विसिंग के दौरान ब्लोआउट हुआ था। यह कार्य ठेकेदार दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा था। सर्विस के दौरान कुएं से हाइड्रोकार्बन का अनियंत्रित रिसाव शुरू हो गया था।
ONGC ने संभाला मोर्चा?
घटना के बाद ONGC ने तत्काल अपने संकट प्रबंधन प्रोटोकॉल को सक्रिय किया, क्षेत्र में सभी संबंधित गतिविधियां निलंबित कीं और विशेष वेल-कंट्रोल टीमें व उपकरण मौके पर तैनात किए। ONGC ने बताया कि इस दौरान सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
ONGC ने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ONGC के बयान में कहा गया है कि ओएनजीसी ने मोरी-5 कुएं पर सफलतापूर्वक नियंत्रण स्थापित कर लिया है और पांच दिनों के रिकॉर्ड समय में कैपिंग ऑपरेशन पूरा किया गया है, जो ब्लोआउट रिस्पॉन्स और परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
ONGC ने बताया कि कैपिंग पूरी होने के साथ ही मोरी-5 से जुड़ी फील्ड-लेवल गतिविधियां समाप्त कर दी गई हैं और इस मामले में आगे किसी परिचालन अपडेट की आवश्यकता नहीं होगी। ONGC ने कहा, तेल और गैस परिचालन में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और परिचालन अनुशासन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई है।