2025 रहा आपदाओं के नाम, दित्वाह और भूकंप से लेकर बाढ़ ने मचाई तबाही
नई दिल्ली। साल 2025 अपने अंतिम पड़ाव पर है। इस वर्ष कई ऐसी घटनाएं हुईं, जिन्हें दुनिया जल्द भूल नहीं पाएगी। इनमें कुछ प्राकृतिक घटनाएं भी शामिल हैं, जिनके चलते अमेरिकी महाद्वीप से लेकर भारत और पूर्वी एशिया तक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। फिर चाहे वह मानवीय नुकसान हो या आर्थिक नुकसान।
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट की क्लाइमेट इंडिया 2025 रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में जनवरी से लेकर सितंबर तक 99 फीसदी दिन चरम मौसम वाले रहे हैं। ऐसे में यह जानना अहम है कि दुनिया के साथ-साथ भारत में ऐसी कौन सी घटनाएं हुईं, जिनसे भारी तबाही हुई।
दित्वाह चक्रवाती तूफान
26 नवंबर 2025 को भारत के मौसम विभाग ने श्रीलंका के दक्षिण-पूर्वी तट पर चक्रवाती स्थितियों को ट्रैक करना शुरू किया। इसे लेकर अलर्ट भी जारी किए गए। इसके पूर्ण चक्रवात बनने के बाद इसे दित्वाह नाम दिया गया। यह एक जबरदस्त चक्रवात था, जिसने 28 नवंबर से 29 नवंबर के बीच श्रीलंका में जबरदस्त तबाही मचाई। 30 नवंबर तक जब यह शांत होना शुरू हुआ, तब तक श्रीलंका में सैकड़ों लोग जान गंवा चुके थे।
बताया जाता है कि श्रीलंका में चक्रवात, इसके चलते आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के चलते देशभर में 600 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। इतना ही नहीं देश को 4.1 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान भी हुआ, जिसके बढ़कर छह-सात अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की आशंका है। इस चक्रवात ने 14 लाख से अधिक लोगों को प्रभावित किया और करीब 2.5 लाख लोग राहत केंद्रों में शरण लेने के लिए मजबूर हुए।
