मथुरा में मालगाड़ी के डिब्बे पलटे, आगरा-दिल्ली रूट पर शताब्दी, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें निरस्त

 मथुरा में मालगाड़ी के डिब्बे पलटे, आगरा-दिल्ली रूट पर शताब्दी, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें निरस्त
मथुरा। मथुरा में वृंदावन और अझई स्टेशन के बीच मालगाड़ी के डिब्बे पलटने की वजह से आगरा-दिल्ली रेलमार्ग बाधित होगा। इसके कारण रेलवे ने वंदे भारत, शताब्दी सहित कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं कई ट्रेनों के मार्ग भी बदले गए हैं। मथुरा रेल हादसे के बाद आगरा-दिल्ली रूट की कई गाड़ियों को निरस्त कर दिया गया है, तो वहीं कई का मार्ग बदला गया है। शताब्दी, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें निरस्त करने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
आगरा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि 64958 पलवल आगरा कैंट मेमू, 64955 आगरा कैंट टूंडला मेमू, 22470-22469 खजुराहो वंदे भारत, 12002-12001 शताब्दी एक्सप्रेस, 12280-12279 ताज एक्सप्रेस, 20452-20451 सोगारिया इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 12050-12049 गतिमान एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।
12486 हजूर साहिब एक्सप्रेस, 12472 स्वराज एक्सप्रेस, 20156 नई दिल्ली अंबेडकर नगर एक्सप्रेस, 12172 हरिद्वार मुंबई एक्सप्रेस, 22408 हजरत निजामुद्दीन अंबिकापुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 22210 दूरंतो एक्सप्रेस, 12722 दक्षिण सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 01494 पुणे सुपरफास्ट के मार्ग के परिवर्तन किया है। इसके साथ ही कई ट्रेनों को आंशिक निरस्त किया गया है।
2024 में भी हुआ था हादसा, पलटे थे 25 डिब्बे
मथुरा के जैत और वृंदावन रोड स्टेशन पर साल 2024 में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी। कोयले से लदी हुई एक मालगाड़ी के 25 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस वजह से आगरा-दिल्ली मार्ग पूरी तरह से ठप हो गया था। मार्ग को सुचारु करने में काफी समय लगा था। कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया था।
19 सितंबर 2024 को कोयले से नदी एक मालगाड़ी के करीब 25 डिब्बे जैत-वृंदावन रोड स्टेशन के बीच पलट गए थे। हादसा इतना भीषण था कि डिब्बे एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए। डिब्बे पलटने की वजह से डाउन और अप लाइनों पर कोयले का ढेर लग गया था। हादसे के समय मालगाड़ी की रफ्तार करीब 55 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हालांकि, हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन इस हादसे की वजह से कई ओवरहेड इक्विपमेंट खंभे टूट गए थे। हादसे की वजह से ट्रैक पूरी तरह से बाधित हो गया था। दिल्ली से आगरा की ओर आने वाली कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन करना पड़ा था।