दिल्ली में बिगड़े हालात, लोहे का पुल बंद; ट्रैफिक डायवर्ट

 दिल्ली में बिगड़े हालात, लोहे का पुल बंद; ट्रैफिक डायवर्ट
नई दिल्ली। दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात हैं। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सतर्क रहने और नदी किनारे न जाने की अपील की है। मंगलवार सुबह से हर घंटे हथिनीकुंड बैराज से 1.5 से 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जो बुधवार तक दिल्ली पहुंचने पर हालात और बिगाड़ सकते हैं। हालांकि, सीएम रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि सरकार पूरी तरह तैयार है।
हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से 1,62,779 क्यूसेक, वज़ीराबाद बैराज से 1,38,980 क्यूसेक और ओखला बैराज से 1,73,632 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। आज सुबह 8 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज (ORB) पर यमुना का जलस्तर 206.83 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है।
बता दें कि यमुना का जलस्तर देर रात 11 बजे 206.45 मीटर के पार पहुंच गया। केंद्रीय जल आयेेग के मुताबिक देर रात हथिनीकुंड बैराज से 1.87 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बुधवार सुबह सात बजे तक इसके दिल्ली पहुंचने के बाद जलस्तर के 206.90 मीटर पहुंचने की आशंका है।
यमुना बाजार, बुराड़ी समेत कई इलाकों में भरा पानी
बुराड़ी, यमुना बाजार, एमनेस्टी मार्केट, तिब्बती बाजार, बासुदेव घाट जैसे इलाके पानी में डूब गए हैं। आईटीओ का छठ घाट भी पानी में डूब गया है। यमुना बाजार में सड़कों पर पानी भरा है। यमुना खादर, यमुना वाटिका, आसिता जैसे रिवर फ्रंट से जुड़े पार्कों में भी पानी भर गया है। खतरे की आशंका देखते हुए नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी गई है और बड़े पैमाने पर झुग्गियां खाली करा दी गईं हैं। अधिकारियों ने बताया कि 4,500 लोगों को शिविरों में रखा गया है। हर घंटे के साथ नदी का बढ़ता जलस्तर स्थानीय निवासियों को डरा रहा है।