अनिल अंबानी को राहत के खिलाफ तीन बैंक हाईकोर्ट पहुंचे, गडकरी बोले- BJP की जीत तय
मुंबई। सार्वजनिक क्षेत्र के तीन बैंकों ने उद्योगपति अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस लि. के खातों को फ्रॉड घोषित करने की प्रक्रिया पर लगी रोक के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की है। इन बैंकों में इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा शामिल हैं। बैंकों ने दिसंबर 2025 में हाईकोर्ट की एकल पीठ के उस अंतरिम आदेश को चुनौती दी है, जिसमें अनिल अंबानी और उनकी कंपनी को राहत देते हुए सभी मौजूदा और भविष्य की कार्रवाई पर रोक लगा दी गई थी। एकल पीठ ने अपने आदेश में कहा था कि बैंक आरबीआई के अनिवार्य दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं और वर्षों बाद गहरी नींद से जागे हैं। चीफ जस्टिस एस चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम अंखड की पीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान बैंकों ने दलील दी कि खातों को फ्रॉड घोषित करने का आधार बना फॉरेंसिक ऑडिट पूरी तरह वैध है। बैंकों का कहना है कि बीडीओ एलएलपी की ओर से तैयार रिपोर्ट में फंड की हेराफेरी और दुरुपयोग के गंभीर निष्कर्ष दर्ज हैं। बैंकों ने यह भी कहा कि अनिल अंबानी ने केवल तकनीकी आधार पर फॉरेंसिक ऑडिट को चुनौती दी थी और एकल पीठ का आदेश गलत और असंगत है। इसलिए इसे रद्द किया जाना चाहिए। हाईकोर्ट ने संक्षिप्त सुनवाई के बाद मामले को आगे की सुनवाई के लिए 14 जनवरी को सूचीबद्ध कर दिया है।
गडकरी बोले- पिछला रिकॉर्ड तोड़ेंगे
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया है। एक टॉक शो में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव उन्हें चुनाव जैसा लग ही नहीं रहा है। गडकरी के अनुसार, भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा और अब असली सवाल यह है कि क्या पार्टी अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ेगी। गडकरी ने कहा कि आज की राजनीति विचारधारा से ज्यादा सत्ता केंद्रित हो गई है। उन्होंने राजनीति को सुविधा की राजनीति और प्रतिबद्धता की राजनीति में बांटते हुए कहा कि पहले कार्यकर्ता बिना किसी अपेक्षा के पार्टी से जुड़े रहते थे, लेकिन अब सत्ता में रहने वाली पार्टी में जाने का चलन बढ़ गया है। उन्होंने इसे इंपोर्ट-एक्सपोर्ट राजनीति करार दिया। गडकरी ने नागपुर में किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर का चेहरा बदल चुका है। सड़क, फ्लाईओवर, बुनियादी ढांचे और स्वच्छता के क्षेत्र में बड़े काम हुए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में नागपुर देश के सबसे साफ और सुंदर शहरों में शामिल होगा।
