बैंड-बाजे के साथ निकाली गाय की शव यात्रा, किसान ने किया अंतिम संस्कार
शाहजहांपुर। जनपद के करकौर गांव निवासी किसान की पालतू गाय की मौत हो गई। इस पर किसान ने बैंड-बाजे के साथ गाय की शव यात्रा निकाली और सम्मानपूर्व उसका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
शाहजहांपुर के जैतीपुर क्षेत्र के करकौर गांव में किसान सर्वेश शर्मा की पालतू गाय की मौत के बाद ढोल-बाजों के साथ के सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया। गाय की अंतिम यात्रा में काफी लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने किसान के इस कार्य की सराहना की। कहा कि किसान ने गाय को अपने परिवार के सदस्य की तरह माना। जीते जी गाय उनके परिवार का सहारा बनी। गाय के मरने पर किसान ने धर्म-कर्म के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया।
खेतीबाड़ी करने वाले सर्वेश शर्मा ने करीब 20 साल पहले गाय को पाला था। उन्होंने बताया कि जब उनकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी, तब गाय उनके परिवार का सहारा बनी। गाय का दूध बेचकर अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। यह गाय उनके परिवार के लिए भाग्यशाली रही। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी है। उनकी यह गाय काफी समय से बीमार चल रही थी। शनिवार रात गाय की मौत हो गई।
