नाइजीरिया में आतंकियों ने की 60 लोगों की हत्या, घरों में लगाई आग

 नाइजीरिया में आतंकियों ने की 60 लोगों की हत्या, घरों में लगाई आग
मैदुगुरी। नाइजीरिया के घरेलू आतंकी संगठन बोको हरम के आतंकियों ने रात को दारुल जमाल गांव पर हमला कर 60 से ज्यादा लोगों की हत्या कर दी। हमलावरों ने दर्जनभर से ज्यादा घरों में आग लगा दी। इसके चलते 100 से अधिक लोग अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।
नाइजीरिया में पूर्वोत्तर के एक गांव में रात (स्थानीय समयानुसार) को बोको हरम के आतंकियों ने जमकर तांडव मचाया। आतंकियों ने गांव में हमला कर कम से कम 60 लोगों की हत्या कर दी। यह हमला दारुल जमाल गांव पर हुआ, जहां हाल ही में विस्थापित लोग शिविर से लौटकर अपने घरों में बसना शुरू हुए थे।
गांव के एक निवासी मोहम्मद बाबागाना ने बताया कि देर रात हुआ यह हमला बेहद खौफनाक था। बोर्नो राज्य के राज्यपाल बाबागाना जुलुम ने गांव का दौरा किया और पुष्टि की कि मरने वालों की संख्या 60 से अधिक है। जुलुम ने कहा, ‘हम प्रभावित लोगों के साथ हैं और उनसे अपील की है कि वे अपने घर न छोड़ें। सुरक्षा बढ़ाने और भोजन व दूसरी जरूरी मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।’
हमलावरों ने घरों को लगाई आग
बामा की स्थानीय सरकार ने बताया कि हमलावरों ने दर्जनभर से ज्यादा घरों को जला दिया और 100 से अधिक लोग अपने घर छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। आतंकवादी मामलों के विशेषज्ञ और इंस्टीट्यूट फॉर सिक्योरिटी स्टडीज से जुड़े ताइवो अदेबायो ने बताया कि यह हमला बोको हरम के गुट जमातु अहलिस सुन्ना लिद्दावाती वाल-जिहाद ने किया।
बोको हरम ने 2009 में उठाए थे हथियार
नाइजीरिया के घरेलू जिहादी बोको हरम ने 2009 में हथियार उठाए थे। इसका मकसद पश्चिमी शिक्षा का विरोध करना और अपनी कट्टरपंथी इस्लामी व्यवस्था थोपना था। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक करीब 35,000 नागरिक मारे जा चुके हैं और 20 लाख से ज्यादा लोग बेघर हो चुके हैं।